देहरादून में बजे जंग के सायरन, मिसाइल अटैक, बम धमाका, फौरन रेस्क्यू, देहरादून में ऐसे हुई मॉक ड्रिल
DEHRADUN: ऑपरेशन सिंदूर के बाद जहां देश की तमाम सुरक्षा एजेंसियों अलर्ट मोड पर हैं वही गृहमंत्रालय के आदेश के बाद कई राज्यों में मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। इसी कड़ी में देहरादून में भी युद्ध के हालात में निपटने के लिए तैयारियों को परखा गया। शाम सवा 4 बजते ही शहर की कई जगहों पर जोर जोर से सायरन बजे, लोग सुरक्षित स्थानों पर चले गए। कहीं बम धामाका तो कहीं मिसाइल से हमले की खबर आई। रेस्क्यू एजेंसियों ने फौरन मोर्चा संभाला और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। इस तरह युद्ध जैसी स्थिति से निपटने और लोगों में जागरुकता से मकसद से देहरादून में मॉकड्रिल की गई।
शाम सवा चार बजे सात स्थानों पर सायरन बजा। इसके साथ ही सिविल डिफेंस और पुलिस ने लोगों को सतर्क कर सुरक्षित रहने की सलाह दी। सार्वजनिक स्थलों पर लोगों को सतर्क किया जा रहा है। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित कंट्रोल रूम में डीएम, एसएसपी समेत तमाम जिला स्तर के अधिकारी कैमरों के माध्यम से शहर की गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं। मॉक ड्रिल अभ्यास के दौरान एमडीडीए कॉलोनी में मिसाइल हमले में एक बिल्डिंग गिर गयी है। कुछ लोग हताहत हुए है। मेडिकल टीम, एसडीआरएफ टीम एवं अन्य टीम मौके पर रवाना है।
उधर, आइएसबीटी के पास बमबारी जैसा विस्फोट होने की सूचना मिली है, जिसके कारण लोगों में भगदड़ हो गयी है। मेडिकल टीम, एसडीआरएफ टीम एवं अन्य टीम मौके द्वारा राहत बचाव कार्य गतिमान है। यहां आसपास की दुकानों को बंद कराया गया है।
देहरादून में धारा पुलिस चौकी, ब्लाइंड स्कूल राजपूर रोड़, लक्खी बाग पुलिस स्टेशन, जिलाधिकारी परिसर क्लेक्ट्रेट देहरादून, आराघर पुलिस चौकी, एमडीडीए कालोनी निकट आइएसबीटी पर सायरन बजा कर मॉक अभ्यास किया जा रहा है। घंटाघर और राजपुर रोड में सायरन बजने के बाद वाहन चालकों को रोक कर न घबराने और सुरक्षित स्थान पर पहुंचने की सलाह दी गई।
बता दें कि मौजूदा तनाव के मद्देनदर किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए केंद्रीय गृहमंत्रालय द्वारा राज्यों को मॉक ड्रिल करने के निर्देश दिए गए थे। जिसमें नागरिकों को युद्ध के हालात में सायरन को समझने और अपने व दूसरों के बचाव के उपायों के बारे में जागरुक किया गया। गृहमंत्रालय ने देहरादून जनपद को भी मॉक ड्रिल के लिए चुना था।
