रोड़वेज यात्रियों से लूट मचाने वाले वाले ढाबे का अनुबंध रद्द, अब केवल UTC  अनुबंधित ढाबों पर ही रुकेंगी बसें

Share this news

DEHRADUN: भ्रष्टाचार पर ताबड़तोड़ एक्शन कर रहे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अब उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में यात्रा कर रहे यात्रियों की असुविधा का संज्ञान लिया है। उत्तराखंड परिवहन निगम के अनुबंधित ढाबों पर यात्रियों से लूट की शिकायत मुख्यमंत्री को मिल रही थी जिसका मुख्यमंत्री धामी ने संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को सख्त आदेश दिए हैं।  मुख्यमंत्री धामी ने मामले की जांच के आदेश दिए ,जिसपर परिवहन निगम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एक ढाबे का अनुबंध तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया। इस निर्णय से ढाबों पर मची लूट से यात्रियों को राहत मिली है।

बता दें कि मुख्यमंत्री पहले भी यात्रियों की असुविधा का संज्ञान समय समय पर लेते रहे हैं। कुछ अनुबंधित ढाबों पर यात्रियों से मनमर्जी के पैसे वसूलने की शिकायतें मिल रही थी। सीएम के संज्ञान के बाद जांच के दौरान ये खुलासा हुआ कि ड्राइवर और कंडक्टर बिना किसी आधिकारिक अनुबंध के ढाबों पर मनमर्जी से बसें रोक रहे थे। जिससे भ्रष्टाचार को बल मिल रहा था और यात्रियों को परेशानी हो रही थी।

इनका संज्ञान लेते हुए परिवहन विभाग के महाप्रबंधक दीपक जैन ने तुरंत एक नई अनुबंध नीति की रूपरेखा तैयार करते हुए एक नोटिस जारी किया। निर्देश में ड्राइवरों और कंडक्टरों को सख्त निर्देश दिया गया कि वे केवल निगम द्वारा अनुबंधित ढाबों पर ही रुकें, साथ ही परिचालकों को क्यूआर-कोड स्कैन कर रसीद लेने के आदेश भी दिए। ये नियम परिचालन को सुव्यवस्थित और परिवहन प्रणाली को पारदर्शी बनाएगा।

मुख्यमंत्री का यह निर्देश सार्वजनिक सेवाओं में ईमानदारी और जवाबदेही के मानकों को बनाए रखने के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। गलती करने वाले ढाबों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करके और सख्त नियम लागू करके, यात्रियों को परेशानीयों से निजात मिलेगा साथ ही ढाबा संचालकों के लिए स्पष्ट संदेश है कि वो यात्रियों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखें। सीएम का यह त्वरित एक्शन बस सेवाओं में सकारात्मक बदलाव को प्रदर्शित कर, यह सुनिश्चित करेगा कि रुकना केवल अधिकृत स्थानों पर ही हो। इन नियमों के लागू होने से, यात्री अपनी यात्रा के दौरान लूट से बचेंगे जबकि अधिकारी बस संचालन पर बेहतर नियंत्रण रख सकेंगे।

(Visited 58 times, 1 visits today)

You Might Be Interested In