हवा में करतब दिखा रहा था पैराग्लाइडर, लैंडिंग से पहले धड़ाम से नीचे गिरकर घायल हुआ, वीडियो वायरल
BAGESHWAR: बागेश्वर के कपकोट में इन दिनों पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिता चल रही है। देशभर के पैराग्लाइडर यहां करतब दिखा रहे हैं। उधर पैराग्लाइडिंग के दौरान एक हादसा हो गया जब एक पैराग्लाइडर का ग्लाइडर अचानक अनियंत्रित हो गया औऱ वह लैंडिंज से पहले धड़ाम से नीचे गिर गया। अचेत हुए पैरा ग्लाइडर को तत्काल अस्पताल ले जाया गया जहां उनका स्वास्थ्य स्थिर बताया जा रहा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
कपकोट में राज्य पर्यटन विकास परिषद और जिला प्रशासन की तरफ से प्रथम राष्ट्रीय पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिता कराई जा रही है। प्रतियोगिता के पहले दिन पायलटों के कई करतब देखने को मिले। प्रतियोगिता में भागीदारी कर रहा एक पायलट लैंडिंग करते समय असंतुलित होकर लैंडिंग मैदान में जा गिरा। जालेख की पहाड़ी से करतब दिखाते हुए कई पैराग्लाइडर केदारेश्वर लैंडिंग पॉइंट में उतर रहे थे। तभी भीमताल निवासी पायलट भुवन आर्य का ग्लाइडर मैदान पर लैंडिंग करते समय असंतुलित हो गया। ग्लाइडर तेजी से नीचे की तरफ आया और लैंडिंग से पहले मैदान के बीच में बने सीमेंट की सतह पर गिर गया।
इस घटना से हड़कंप मच गया। आयोजक और वहां मौजूद लोग ग्लाइडर की सुरक्षा के लिए तेजी से भागे। घायल पायलट के लिए एंबुलेंस बुलाई गई। उसे सी.एच.सी. कपकोट में भर्ती कराया गया। पायलट को कोई भी गंभीर चोट या फ्रैक्चर नहीं आया बल्कि उसकी कमर में हल्की चोट आई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे डिस्चार्ज कर दिया गया है।
