पीपलकोटी टनल हादसे में लापता तीनों श्रमिकों के शव मिले, रेस्क्यू पूरा, 10 पहुंचा मृतकों का आंकड़ा
CHAMOLI: चमोली के मायापुर-पीपलकोटी स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में 13 अगस्त को हुए हादसे के बाद लापता चल रहे तीनों श्रमिकों के शव बरामद कर लिए गए हैं। मंगलवार को एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की संयुक्त टीमों ने सर्च अभियान के दौरान दो और शव बरामद किए। इससे पूर्व एक शव बरामद किया जा चुका था। अब इस टनल हादसे में मरने वालों की संख्या 10 हो गई है।
मौके पर सर्च अभियान का नेतृत्व कर रहे एसडीआरएफ टीम प्रभारी निरीक्षक कर्ण सिंह ने बताया कि टनल में लापता तीनों व्यक्तियों के शव बरामद कर लिए गए हैं। बरामद शवों को आवश्यक कार्रवाई और चिकित्सकीय परीक्षण के लिए जिला चिकित्सालय गोपेश्वर भेज दिया
13 अगस्त को हादसे के बाद से ही एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की संयुक्त टीमें चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में लगातार टनल के भीतर सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चला रही थीं। मलबे और कठिन परिस्थितियों के बीच टीमों ने संभावित स्थानों पर लगातार खोजबीन की। लगभग 117 घंटे से अधिक चले इस चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू अभियान के दौरान टनल से कुल 12 श्रमिकों को सकुशल बाहर निकाला गया, जबकि 10 श्रमिकों की दुखद मृत्यु हुई। अभियान के पहले दिन 19 श्रमिकों को बाहर निकाला गया, जिनमें 12 घायल श्रमिक तथा 7 मृत श्रमिक शामिल थे। इसके बाद 17 अगस्त को एक और रेस्क्यू अभियान के अंतिम दिन 18 अगस्त को दो श्रमिकों के शव को बाहर निकाला गया।
रेस्क्यू अभियान के दौरान टनल के भीतर जमा पानी की निकासी, मलबा हटाने और फंसी मशीनरी को बाहर निकालने के साथ ही संभावित स्थानों पर लगातार सघन सर्च अभियान चलाया गया। कठिन परिस्थितियों के बावजूद रेस्क्यू टीमों ने आधुनिक उपकरणों एवं उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग करते हुए लगातार कार्य किया। पानी की निकासी के लिए सक्शन पंप सहित आवश्यक उपकरणों की मदद ली गई, जिससे टनल के अंदरूनी हिस्सों तक रेस्क्यू टीमों की पहुंच सुनिश्चित हो सकी।
तीनों लापता व्यक्तियों के शव बरामद होने के बाद टनल हादसे में लापता लोगों की तलाश का अभियान पूरा हो गया है। हादसे के बाद से जारी रेस्क्यू अभियान में आईटीबीपी, सेना, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ पुलिस, राजस्व विभाग तथा सीआईएसएफ की टीमों ने समन्वय के साथ काम किया।

रेस्क्यू किए गए 12 श्रमिकों का विवरण
- सुनील दीवान पुत्र संतोश दीवान, निवासी छत्तीसगढ़।
- हारबिल गुड़िया पुत्र रेजन गुड़िया, निवासी तपरा।
- कमड़ा, निवासी झारखंड।
- निस्तर भिंगरा पुत्र राफेल भिंगरा, निवासी झारखंड।
- विनोद रावना पुत्र तुनिया रावना, निवासी झारखंड।
- दीना बेगरा पुत्र केला बेगरा, निवासी झारखंड।
- खेला राम बिसरा पुत्र मोनसा बिसरा, निवासी झारखंड।
- सुबेग सिंह पुत्र वीरा सिंह, निवासी पंजाब।
- तिलकराज पुत्र बुद्धीराम, निवासी हिमाचल प्रदेश।
- पेन सिंह पुत्र पीला सिंह, निवासी छत्तीसगढ़।
- रोहित पाण्डे पुत्र अवधेश पाण्डे, निवासी बिहार।
- गोविन्दो मंडाल पुत्र परीक्षित मंडाल, निवासी पश्चिम बंगाल।
मृतक श्रमिकों का विवरण
- प्रदीप पंवार पुत्र अवतार सिंह, निवासी टिहरी गढ़वाल।
- जितेन्द्र कुमार पुत्र राम चन्द्रा, निवासी उत्तर प्रदेश।
- मुकेश सिंह पुत्र प्रेम सिंह, निवासी चमोली।
- दुर्लभ शर्मा पुत्र भवानी राम शर्मा, निवासी उत्तर प्रदेश।
- विजय हंसदा पुत्र राम चन्द्रा, निवासी उत्तर प्रदेश।
- लोकेश्वर पुत्र सोन सिंह पोयम, निवासी छत्तीसगढ़।
- भुनेश्वर पुत्र सुरेन्द्र कुमार, निवासी छत्तीसगढ़।
- देवनाथ पुत्र धनसुराम बघेल, निवासी छत्तीसगढ़।(17/8/2026)
- लुकास टोपनो पुत्र बा़ससा टोपनो, निवासी झारखंड।(18/8/2026)
- चेतन पोयाम पुत्र सोनधार पोयाम, निवासी छत्तीसगढ़।(18/08/2026)