चमोली के नंदानगर में बादल फटने से भारी तबाही, 10 लोग लापता

Share this news

CHAMOLI: उत्तराखंड पर मौसम की मार रुक नहीं रही। चमोली के नंदानगर क्षेत्र में फिर एक बार आसमान से आफत बरसी है। यहां के कुंतरी, भैंसवाड़ा और धुर्मा गांवों में बादल फटने से भारी तबाही मची है। कम से कम 10 लोग लापता बताए जा रहे हैं जबकि कई घर जमींदोज होंगे हैं।

नगर पंचायत नंदानगर के फाली कुंतरी, सैंती कुंतरी, भैंसवाड़ा और धुर्मा गांवों में मलबा पसरा है। कुंतरी लगा फाली में सबसे अधिक नुकसान हुआ, जहां मलबे की चपेट में आने से छह मकान पूरी तरह जमींदोज हो गए। इस आपदा में 6 लोग लापता बताए जा रहे हैं, जबकि दो लोगों को ग्रामीणों और राहत दलों ने मलबे से जिंदा बाहर निकाल लिया।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम नंदप्रयाग पहुंच गई। इसके अलावा एनडीआरएफ की इकाई भी गोचर से नंदप्रयाग रवाना कर दी गई है।

नंदानगर तहसील के धुर्मा गांव में भी भारी वर्षा से पांच मकानों को नुकसान पहुंचा है, यहां भी 2 लोग लापता बताए जा रहे हैं। सर्पणी में भी 2 लोग लापता हैं। मोक्ष नदी का जलस्तर बढ़ने से स्थानीय लोग दहशत में हैं।

जिलाधिकारी डॉ. संदीप तिवारी ने बताया कि राहत-बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी है और लापता लोगों की तलाश में टीमें लगातार जुटी हुई हैं। प्रशासन ने प्रभावित गांवों के लोगों से सतर्क रहने और ऊंचाई वाले सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की अपील की है।

(Visited 158 times, 1 visits today)

You Might Be Interested In