नैनीताल: दिल्ली की टीचर के साथ टैक्सी ड्राइवर ने किया दुष्कर्म का प्रयास, जंगल के अंधेरे में छिपकर बिताई रात
NAINITAL: नैनीताल घूमने आई दिल्ली की एक युवती के लिए पहाडों की यात्रा एक खौफनाक बुरे सपने जैसी बन गई। जब नशे में धुत टैक्सी चालक ने उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की। टैक्सी चालक से बचने के लिए युवती नंगे पैर जंगल की ओर भागी और रातभर कलमट के अंधेरे में छिपकर अपनी जान बचाई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक दिल्ली के शाहदरा क्षेत्र की निजी स्कूल की शिक्षिका नैनीताल घूमने आई थी। युवती ने काठगोदाम से नैनीताल के लिए 600 रुपये में टैक्सी बुक की थी। इसी दौरान नशे में धुत टैक्सी चालक ने उसे सुनसान जंगल में ले जाकर दुष्कर्म का प्रयास किया। लड़की हिम्मत दिखाकर किसी तरह उसके चंगुल से भागी और नंगे पैर ही जंगल की ओर दौड़ पड़ी। लड़की ने सड़क किनारे बने कलमट के अंधेरे में रात बिताकर अपनी जान और अस्मत की रक्षा की। डरी-सहमी युवती पूरी रात सड़क के नीचे बने कलमठ पर छिपकर बैठी रही और सुबह होने का इंतजार करती रही।
सुबह बेलुवाखान की ग्राम प्रधान बबिता मनराल की नजर युवती पर पड़ी जिसके बाद दोनों ने थाने जाकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले के आरोपी 39 वर्षीय दीपक बोरा पुत्र नंदन बोरा निवासी गुजरौला हल्द्वानी निवासी टैक्सी चालक को भवाली रोड से गिरफ्तार कर लिया है।
