भवाली मार्ग पर हादसा, तेज रफ्तार केमू बस सड़क पर पलटी, एक की मौत, 8 घायल

Share this news

NAINITAL:  नैनीताल जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हल्द्वानी से डीडीहाट जा रही कुमाऊं मोटर्स ओनर्स यूनियन (केमू) की बस ज्योलीकोट–भवाली मार्ग पर खुपी के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 8 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस (संख्या UK-04 PA-1112) सुबह करीब 7:30 बजे हल्द्वानी से डीडीहाट के लिए रवाना हुई थी। भूमियाधार क्षेत्र के खुपी के पास अचानक बस चालक नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क पर ही पलट गई। हादसे के समय बस में चालक, परिचालक समेत कुल 16 लोग सवार थे। बस पलटते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर चीख-पुकार गूंज उठी। आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया।

हादसे में गंभीर रूप से घायल 6 लोगों को हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा गया, जबकि 2 अन्य घायलों को भवाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। बस चालक और परिचालक को भी उपचार के लिए हल्द्वानी भेजा गया है। पुलिस के अनुसार, हादसे में 44 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हुई है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बस तेज गति में थी, जिसके चलते चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और बस पलट गई। हादसे के दौरान बस ने एक मैक्स वाहन को भी हल्की टक्कर मारी।

(Visited 1 times, 1 visits today)

You Might Be Interested In