रॉटविलर कुत्तों ने घर की दीवार फांदकर महिला को नोचा, लगे 200 टांके, दो हड्डियां टूटीं

Share this news

DEHRADUN: देहरादून में किशननगर क्षेत्र में एक महिला कुत्तों के काटने से बुरी तरह जख्मी हो गई। कुत्तों के हमले से महिला के सिर, हाथ और पैर पर 200 टांके लगे हैं। गंभीर हालत में महिला का इंदिरेश अस्पताल में इलाज चल रहा है। महिला के बेटे ने कुत्तो के मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

जानकारी के मुताबिक राजपुर के किशननगर की रहने वाली कौशल्या देवी को रविवार सुबह करीब चार बजे मंदिर जाते वक्त पड़ोसी के रॉटविलर के दो कुत्तों ने काट लिया। कौशल्या देवी के बेटे की शिकायत पर कुत्ते के मालिक के खिलाफ रविवार को मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि पहले भी कई बार लोगों को कुत्ते काट चुके हैं। रॉटविलर नस्ल के कुत्ते पालना प्रतिबंधित है।

कौशल्या देवी के बेटे उमंग निर्वाल ने बताया कि उनकी माता रोजाना पास के अर्द्धनादेश्वर मंदिर में जाती हैं। रविवार को भी वह सुबह चार बजे घर से निकली थीं। पास में ही मोहम्मद जैद का घर है। जैद ने रॉटविलर नस्ल के दो कुत्ते पाले हुए हैं। जैसे ही उनकी माता जैद के घर के सामने से गुजरीं तभी कुत्तों ने दीवार फांदकर उन पर हमला कर दिया। दोनों कुत्तों ने उनकी माता को बुरी तरह से काट लिया। शोर सुनकर वहां लोग इकट्ठा हुए और कुत्तों के चंगुल से कौशल्या देवी को बचाया। आरोप है कि हमले के दौरान लोगों ने कुत्तों के मालिक को आवाज लगाई लेकिन कोई भी बचाने नहीं आया।

200 टांके, हाथ की दो हड्डियां टूटीं

कौशल्या देवी के बेटे उमंग ने बताया कि उनकी माता के सिर, हाथ और पैर पर 200 टांके लगे हैं। हाथ की दो हड्डियां टूट गई हैं। सोमवार को हाथ का ऑपरेशन किया गया।

एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब जैद के इन रॉटविलर ने किसी पर हमला किया हो, इससे पहले भी ये कुत्ते कई लोगों पर हमला कर चुके हैं। स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत जैद से कई बार की, लेकिन उन्होंने लोगों की नहीं सुनी। ऐसे में अब जैद के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए जांच की जा रही है

(Visited 1,889 times, 1 visits today)

You Might Be Interested In