भाजपा में तकरार!अजेंद्र का बड़ा बयान, मुझे ज्ञान दे रहा भाजपा का आपराधिक छवि का प्रवक्ता
DEHRADUN: उत्तराखंड बीजेपी में अंदरूनी कलह थमने का नाम नहीं ले रही है। पार्टी के भीतर की खींचतान अब खुलकर सामने आने लगी है, जिससे संगठन की एकजुटता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। इसी कड़ी में बीकेटीसी के पूर्व अध्यक्ष और भाजपा नेता अजेंद्र अजय ने एक बार फिर सोशल मीडिया के जरिए बड़ा सियासी धमाका कर दिया है। इस बार उन्होंने अपनी ही पार्टी के प्रवक्ता को निशाने पर लिया है।
अजेंद्र अजय ने फेसबुक पर लिखा कि ‘सोशल मीडिया पर अपनी अभिव्यक्ति के पश्चात मुझे कई प्रकार से घेरने का प्रयास किया जा रहा है। मेरे बारे में यह दुष्प्रचार किया जा रहा है कि मुझे बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) के अध्यक्ष पद पर फिर से नियुक्त नहीं किया गया। इस कारण मैं नाराजगी व्यक्त कर रहा हूं’…। ‘दूसरा, मेरे बारे में मीडिया व सोशल मीडिया के माध्यम से यह भी प्रचारित करने की कोशिश हो रही है कि मैं फलां गुट का हूं। फलां का आदमी हूं। इसलिए मैं ऐसी बात कर रहा हूं। यह भी कहा जा रहा है कि कोई पद पाने की लालसा में मेरे द्वारा ऐसी पोस्ट की जा रही हैं। पद की लालसा जैसी बातें फैलाने वाले सब जानते हैं कि मैंने बिना पद के भी कितने वर्षों तक पार्टी का कार्य किया है’?
उन्होंने आगे लिखा ‘मेरी किन विषयों को लेकर नाराजगी है, वो मैं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के अलावा अन्य स्तरों पर भी व्यक्त कर चुका हूं। जिन विषयों को मेरे द्वारा उठाया गया है, वो मेरे व्यक्तिगत नहीं हैं। सार्वजनिक महत्व के हैं। उन सब विषयों को भी कुछ दस्तावेजों के प्राप्त होने के पश्चात सार्वजनिक करूंगा। आश्चर्य की बात यह है कि एक आपराधिक छवि का भाजपा प्रवक्ता आज किसी चैनल पर मुझे ज्ञान और उपदेश देता दिखा’।
भाजपा नेता अजेंद्र अजय के इस पोस्ट ने चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया। इस पोस्ट में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि उन्होंने अपनी ही पार्टी के एक प्रवक्ता को आपराधिक छवि वाला बता दिया। हालांकि, मामला तूल पकड़ता उससे पहले ही अजेंद्र अजय ने अपने पोस्ट में बदलाव कर दिया। उन्होंने विवादित पंक्ति को एडिट कर हटा लिया, जिसके बाद राजनीतिक गलियारों में इसको लेकर तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं।

बता दें कि अजेंद्र अजय ने पोस्ट डाली थी कि व्यथित होने की परिस्थितियां तब उत्पन्न हो रही हैं, जब हम विपरीत कार्यों के साथ दिखाई पड़ रहे हैं और उनके प्रति हमारा मौन समर्थन प्रकट हो रहा है। ऐसी परिस्थितियों में राजनीतिक जीवन से संन्यास लेने के अतिरिक्त कोई अन्य विकल्प नहीं दिखाई पड़ता।’ जिसके बाद पार्टी अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने इसे अनुशासनहीनता करार दिया था। इसके जवाब में अजेंद्र अजय ने महेंद्र भट्ट को चैलेंज कर दिया था कि आखिर किस बात की कार्रवाई करोगे? अब एक और पोस्ट ने बीजेपी के अंदरूनी घमासान को सबके सामने उजागर किया है।
