प्रदेशभर में धूमधाम से मनाया गया 75वां गणतंत्र दिवस, उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मी सम्मानित

Share this news

DEHRADUN: प्रदेशभर में 75वां गणतंत्र दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। परेड ग्राउंड में गणतंत्र  दिवस के मुख्य समारोह में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सराहनीय सेवा के लिए पुलिसकर्मियों को सम्मानित भी किया।

समारोह में विभिन्न सांस्कृतिक दलों ने छोलिया नृत्य, गढ़वाली नृत्य, छपेली, भांगड़ा, हारूल नृत्य का महमोहक प्रदर्शन किया। परेड ग्राउंड में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास, ग्राम्य विकास, पर्यटन,  उद्यान, सूचना, शिक्षा, स्वास्थ्य, वन, उद्योग विभागों की झांकियां प्रदर्शित की गईं। इस प्रदर्शन में सूचना विभाग की झांकी को प्रथम, ग्राम्य विकास विभाग को द्वितीय तथा उद्यान विभाग की झांकी को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। राज्यपाल और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने झांकियों के लिए इन विभागों के अधिकारियों को सम्मानित किया।

परेड में सेना, सीआरपीएफ, आइटीबीपी, उत्तर प्रदेश पुलिस, 40वीं वाहिनी पीएसी, 40वीं वाहिनी महिला दल, उत्तराखंड होमगार्ड्स, प्रांतीय रक्षक दल, एनसीसी, अश्व दल, पुलिस संचार, अग्निशमन की टुकड़ियों ने प्रतिभाग किया। परेड करने वाली टुकड़ियों में प्रथम स्थान पर सीआरपीएफ,  द्वितीय स्थान पर आइटीबीपी और तृतीय स्थान पर 40वीं वाहिनी महिला दल रहीं, जिन्हें राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया गया।

इससे पहले राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने राजभवन में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले आजादी के महानायकों व संविधान निर्माताओं के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करते हुए उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने आवास स्थित परिसर, मुख्य सचिव डॉ. एसएस संधु ने सचिवालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। विभिन्न जिला मुख्यालयों और राजनीतिक दलों के कार्यालयों में भी गणतंत्र दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया।

(Visited 60 times, 1 visits today)

You Might Be Interested In