शुद्धिकरण: दलित अपमान और सियासी घमासान, राहुल गांधी की मांग SC-ST केस दर्ज हो, सीएम ने कहा तुष्टीकरण न करे कांग्रेस
DELHI/HALDWANI: हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के रैली स्थल के शुद्धिकरण का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हल्द्वानी शुद्धिकरण के मामले को दलितों के अपमान से जोड़ते हुए बीजेपी और आरएसएस पर हमला बोला है। राहुल गांधी ने इसे एससी-एसटी एक्ट का अपराध करार दिया है और दोषियों पर फौरन एफआईआर दर्द करने की मांग की है। उधर मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने इस पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है इसलिए अब तुष्टीकरण पर उतर आई है।
राहुल गांधी ने इस मामले को लेकर नई दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी ने दलितों के अपमान का मुद्दा उठाया। इसके साथ ही राहुल गांधी ने हल्द्वानी शुद्धिकरण मामले पर बात की। राहुल ने कहा था कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे जी के साथ हल्द्वानी में जो भी हुआ वो “शुद्धिकरण” का नाम दे कर उनके खिलाफ़ छुआछूत है – और छुआछूत भारत के संविधान के अनुसार दंडनीय अपराध है। इस बात को 20 दिन हो गए – मगर अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई, कोई FIR दर्ज नहीं हुई। नरेंद्र मोदी जी, देश के हर दलित व्यक्ति को आपकी यह दलित विरोधी विचारधारा साफ़ दिखाई दे रही है। हमारी मांग साफ है – जल्द से जल्द SC-ST क़ानून के तहत FIR दर्ज हो, कार्रवाई हो और न्याय हो – वरना कांग्रेस पार्टी न्याय हासिल करना अच्छे से जानती है।
राहुल के आरोपों पर सीएम धामी ने भी पलटवार किया है। सीएम धामी ने इस मामले पर हल्द्वानी में पत्रकारों से कहा कि शुद्धीकरण के मामले में कोई भी भाजपा का पदाधिकारी शामिल नहीं है। उत्तराखंड में कोई नहीं जानता कि खड़गे जी की जाति क्या है, इसलिए उनका जातिगत अपमान कैसे हो गया? सीएम ने कहा कि रामलीला मैदान जैसे पवित्र मंच पर धार्मिक उन्माद के नारे लगाए गए जिससे पवित्र स्थान पर गंदगी हो गई थी, इसलिए हवन किया गया। सीएम ने कहा कि उत्तराखंड की संस्कृति जाति-पाति और भेदभाव की नहीं, बल्कि सबको आत्मसात करने की है। कांग्रेस इस मामले को जातीय रंग देकर समाज को बांटने का प्रयास कर रही है, जो देवभूमि कभी स्वीकार नहीं करेगी। उत्तराखंड की जनता राष्ट्रवाद में कांग्रेस मुद्दाविहीन होकर अब तुष्टिकरण की राजनीति पर उतर आई है। आने वाले समय में कांग्रेस की इस विभाजनकारी सोच पर चोट अवश्य करेगी।