ये कैसा प्यार! बेटी की बारात का था इंतजार,  जंवाई के संग सास हो गई फरार, उत्तराखंड में मिली लोकेशन

Share this news

UTTAR PRADESH:  उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के एक गांव में हैरतअंगेज मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपनी बेटी की धूमधाम से सगाई कराई थी। बेटी की शादी में 8 दिन का वक्त बचा था। बारात का इंतजार किया जा रहा था, लेकिन इससे पहले सास अपने दामाद संग फरार हो गई। महिला अपने साथ ढाई लाख रुपये कैश और गहने भी घर से ले गई। पुलिस जांच में दामाद संग फरार सास की लोकेशन देहरादून में मिली है। फिलहाल आगे की कार्रवाई की जा रही है।

दरअसल अलीगढ़ के मडराक थाना क्षेत्र के एक गांव की  युवती शिवानी की शादी चार महीने पहले दादों थाना क्षेत्र के रहने वाले एक युवक राहुल से तय हुई थी। बारात 16 अप्रैल को आनी थी लेकिन उससे पहले सास अपने होने वाले दामाद के साथ फरार हो गई। लड़की के परिवारजनों ने बताया कि दामाद का घर आना-जाना था। वह होने वाली सास के साथ घंटों अकेले रहता था और बातें करता था लेकिन किसी ने शक नहीं किया। बताया जा रहा है कि दामाद ने कुछ दिन पहले सास को एक मोबाइल भी गिफ्ट किया था, इसके बाद दोनों की फोन पर खूब बातें होने लगीं। महिला रविवार 6 अप्रैल को घर से ढाई लाख रुपए कैश और गहने लेकर दामाद के साथ भाग गई।

मां की इस हरकत से उसकी बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है। महिला के पति जितेंद्र ने बताया कि  उसकी पत्नी ने मुझे साली के पास बेटी की शादी का कार्ड देने के लिए भेजा था। बारात 16 अप्रैल को आनी थी, लेकिन जब मैं कार्ड देकर वापस लौटा तो पत्नी घर पर नहीं मिली।  पहले तो लगा कि किसी रिश्तेदार के यहां गई होगी। जब काफी देर तक घर नहीं लौटी तो शक गहराने लगा। बाद में पता चला कि वह होने वाले दामाद के साथ भाग गई है। महिला के पति ने पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया है।

बहरहाल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों की तलाश में सर्विलांस की मदद ली। पता चला है कि दोनों उत्तराखंड में हैं। पुलिस के मुताबिक दोनों बस के जरिए अलीगढ़ से उत्तराखंड पहुंचे।

(Visited 626 times, 1 visits today)

You Might Be Interested In