चंवापत: सिलेंडर डिलीवरी के भारी दबाव से तनाव में गैस एजेंसी प्रबंधक, संदिग्ध हालत में मौत से उठे सवाल

Share this news

CHAMPAWAT:  चंपावत  जिला मुख्यालय में कुमाऊं मंडल विकास निगम द्वारा संचालित चंपावत गैस एजेंसी के प्रबंधक ने अज्ञात कारणों के चलते रविवार रात विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। माना जा रहा है कि एजेंसी प्रबंधक गैस वितरण के अत्यधिक दबाव के चलते तनाव में था जिसके बाद उसने जहर खा लिया।

जानकारी के मुताबिक रविवार रात केएमवीएन द्वारा संचालित इंडेन गैस एजेंसी के मैनेजर 55 वर्षीय दयाल सिंह रावत ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने उनके निवास पर पड़ताल की, लेकिन कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। हालांकि मामले की जांच शुरू हो गई है।

काम के दबाव से तनाव में थे

चर्चा है कि गैस प्रबंधक दयाल रावत पिछले कुछ समय से डिप्रेशन में चल रहे थे। वहीं कुछ लोगों का यह भी कहना है कि गैस वितरण के दबाव के चलते यह कदम उठाया। जानकारी के अनुसार 5 अप्रैल रविवार को भी दयाल सिंह गैस एजेंसी आए थे उसके बाद जब घर पहुंचे तो रात को उनके मौत की खबर आई। रात में उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया। लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।  पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच रिपोर्ट आने के बाद आत्महत्या के कारणों का पता चल सकेगा।

जिला प्रशासन ने कहा…

जिला प्रशासन की ओर से कहा गया है कि कल रात अचानक तबीयत बिगड़ने से गैस एजेंसी मैनेजर श्री रावत का आकस्मिक निधन हो गया। जिला प्रशासन ने अपील की है कि  निधन के कारणों को लेकर किसी भी प्रकार की अटकलें न लगाई जाएं। उन्होंने अनुरोध किया है कि जब तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट की पुष्टि नहीं हो जाती, तब तक किसी भी निष्कर्ष पर न पहुंचें और न ही भ्रामक सूचनाएं प्रसारित करें।

55 साल के रावत ऋषिकेश के रहने वाले थे और वे यहां अपनी पत्नी के साथ रह रहे थे। बताया गया कि कल 5 अप्रैल को रावत रविवार की छुट्टी के बाद भी वितरण केंद्र में आए थे। लेकिन घर जाने के कुछ देर बाद उनकी मौत की खबर आई। शोक में आज 6 अप्रैल को गैस वितरण नहीं किया गया। वह गैस गोदाम के निकट रिश्तेदार के यहां अपनी पत्नी के साथ रह रहे थे। उनके दो बेटे हैं। एक सेना में अपनी सेवा दे रहे हैं। दूसरे दिल्ली में प्राइवेट जॉब में हैं।

प्रबंधक की मौत से चंपावत गैस गोदाम सहित बाजार क्षेत्र में शोक की लहर है। इस घटना का असर रुद्रपुर तक देखने को मिला जहां गैस सिलिंडर की सप्लाई पूरी तरह ठप हो गई। एजेंसी के गेट पर ताला लटका रहा और उपभोक्ताओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

(Visited 96 times, 96 visits today)

You Might Be Interested In