कोटद्वार:कोटड़ीढांग में गुलदार के हमले में महिला की मौत, आदमखोर घोषित हुआ तेंदुआ

Share this news

KOTDWAR: पौड़ी जिले में गुलदार के आतंक से लोगों की जान गंवाने का सिलसिला बदस्तूर जारी है। सोमवार को कोटद्वार के सनेह क्षेत्र के कोटड़ीढांग में गुलदार ने एक महिला पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। इस दर्दनाक घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है, वहीं ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति आक्रोश भी बढ़ रहा है।

लोगों के विरोध के बाद महिला को मारने वाला गुलदार आदमखोर घोषित कर दिया गया है। ग्रामीण गुलदार को आदमखोर घोषित करने की मांग को लेकर मृतक महिला का शव नहीं उठा रहे थे। इसके बाद मौके पर पहुंची विधान सभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी के समक्ष लोगों ने नाराजगी भी जताई।

जानकारी के अनुसार, कोटडीढांग निवासी कविता कोठियाल (42 वर्ष) पत्नी कमल किशोर जंगल में घास लेने गई थी। जहां उस पर गुलदार ने हमला कर दिया। कविता की मौके पर ही मौत हो गई। इस क्षेत्र में गुलदार के हमले की यह पांचवीं घटना है।

इससे पूर्व एक बच्ची सहित तीन लोगों को गुलदार घायल कर चुका है।

ग्रामीणों में गुलदार की दहशत के चलते सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। क्षेत्रवासियों ने वन विभाग से गुलदार के आतंक से निजात दिलाने और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

(Visited 3 times, 3 visits today)

You Might Be Interested In