मुख्यमंत्री ने प्रवासी उत्तराखंडियों से अपनी जड़ों से जुड़ने का किया आह्वान, प्रवासी बोले ये उत्तराखंड उदय का समय

Share this news

DEHRADUN: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को दून विश्वविद्यालय में आयोजित तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने देशभर से आए प्रवासी उत्तराखण्डियों का स्वागत करते हुए कहा कि इस सम्मेलन में ऐसा अनुभव हो रहा है, जैसे एक ही परिवार के सदस्य लंबे समय बाद अपने घर लौटकर एक स्थान पर एकत्र हुए हों। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों में रहने वाले उत्तराखण्डियों का अपनी मातृभूमि से भावनात्मक जुड़ाव सदैव बना रहता है। अपनी संस्कृति, परंपराओं और जड़ों से जुड़े रहना हम सभी के लिए आवश्यक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डी अपनी प्रतिभा, परिश्रम और उपलब्धियों से विभिन्न क्षेत्रों में प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। उनके अनुभव, ज्ञान, संसाधन और सामर्थ्य का लाभ राज्य के विकास को भी मिलना चाहिए। उन्होंने अपने पैतृक गांवों को गोद लेकर उनके विकास में योगदान देने की पहल करने वाले 30 प्रवासी उत्तराखण्डियों का विशेष आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल अपनी मातृभूमि के प्रति प्रवासियों के लगाव और सामाजिक उत्तरदायित्व का उदाहरण है। इससे अन्य प्रवासी उत्तराखण्डी भी अपने गांवों के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड ने बीते वर्षों में विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। राज्य के बजट और प्रति व्यक्ति आय में महत्वपूर्ण वृद्धि हुई है। प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ रोजगार, स्वरोजगार, पर्यटन, कृषि, बागवानी और औद्योगिक विकास को निरंतर प्रोत्साहन दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। प्रदेश में सख्त नकल विरोधी कानून लागू कर भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है। पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में सड़क, रेल, हवाई संपर्क और अन्य आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विकास किया जा रहा है। देहरादून और आसपास के क्षेत्रों की दीर्घकालिक पेयजल आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए सौंग बांध परियोजना पर कार्य किया जा रहा है। इस परियोजना से आगामी 50 वर्षों की पेयजल आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि जमरानी बांध और लखवाड़ बांध परियोजनाओं पर भी कार्य आगे बढ़ रहा है, जबकि किशाऊ बांध परियोजना के लिए समझौता ज्ञापन हो चुका है।

May be an image of one or more people, crowd and text

मुख्यमंत्री ने कहा कि किच्छा में एम्स के सैटेलाइट सेंटर की स्थापना, पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार और प्रदेश में हेलीपोर्ट निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। राज्य के विभिन्न शहरों और प्रमुख पर्यटन स्थलों को हेली सेवाओं से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। बेहतर हवाई संपर्क से प्रदेश में पर्यटन, तीर्थाटन और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। साथ ही दूरस्थ क्षेत्रों में आवागमन की सुविधाएं भी सुदृढ़ होंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड के समग्र और संतुलित विकास के लिए सरकार के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। सरकार बेहतर योजनाएं बना सकती है, उनका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित कर सकती है और विभिन्न प्रयासों के बीच समन्वय स्थापित करने के लिए नोडल भूमिका निभा सकती है, लेकिन विकास में व्यापकता, समग्रता और समृद्धि सभी के सामूहिक प्रयासों से ही आएगी।

मुख्यमंत्री ने प्रवासी उत्तराखण्डियों से आह्वान किया कि वे अपने पैतृक गांवों से निरंतर जुड़े रहें तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, बागवानी, पर्यटन, उद्यमिता और स्वरोजगार के क्षेत्रों में अपने अनुभव एवं विशेषज्ञता का योगदान दें। उन्होंने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डी राज्य की विकास यात्रा के महत्वपूर्ण सहभागी हैं। सरकार और प्रवासी समाज के समन्वित प्रयासों से उत्तराखण्ड को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।

प्रवासी बोले ये उत्तराखंड के उदय का समय

सम्मेलन में प्रवासी उत्तराखंडियों ने भी अपने विचार रखे। केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के सचिव सुधांश पंत ने कहा कि ये सम्मेलन सिर्फ भावनात्मक जुड़ाव का माध्यम नहीं है बल्कि राज्य के विकास को गति देने का एक अवसर भी है। उन्होंने अपना उदाहरण देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयास से पिथौरागढ़ स्थित उनके पैतृक गांव में तीन साल पहले सड़क पहुंच गई है। इस कारण अब वो अपने 120 साल पुराने पैतृक आवास को ठीक करवा रहे हैं, उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जन्मभूमि हम सबके लिए स्वर्ग के समान है, इसलिए वो सेवानिवृत्ति के बाद अपना समय जन्मभूमि को ही समर्पित करेंगे।

May be an image of one or more people and dais

प्रसार भारती के अध्यक्ष एवं प्रसिद्ध गीतकार प्रसून जोशी ने कहा कि उत्तराखंड की नई पीढ़ी की अपनी बोली भाषा पर भले ही उतनी पकड़ न हो लेकिन उनके अंदर अपनी पहचान को लेकर पिछली पीढ़ी से अधिक आत्मविश्वास है। जबकि पहले उत्तराखंड लोग जब तक आवश्यक न हो अपनी पहचान जाहिर नहीं करते थे। उन्होंने कहा कि हमारे युवाओं के अंदर ये आत्मविश्वास पैदा करने के लिए उत्तराखंड सरकार बधाई की पात्र है। इस मौके पर उन्होंने “ये उत्तराखंड का उदय है, उदय में एक लय है, ये मस्तक गर्व का है, यहां न कोई भय है, ये उत्तराखंड का उदय है…” कविता के जरिए उत्तराखंड की विकास यात्रा को प्रस्तुत किया।

दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष विधायक मोहन सिंह बिष्ट ने कहा कि हमारी कर्मभूमि कहीं हो लेकिन हम सबको इस बात का गर्व है कि उत्तराखंड हमारी जन्मभूमि रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोगों ने अपनी प्रतिभा के दम पर देश विदेश में नाम कमाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में तेजी से विकास कर रहा है।

अभिनेत्री चित्रांशी रावत ने कहा कि पहाड़ के लोगों के अंदर जितनी सरलता होती है, उनके अंदर उतनी ही जीवटता भी भरी होती है। उन्होंने कहा कि पहाड़ का आदमी भले ही दुनिया में कहीं भी रहे वो अपने अंदर का पहाड़ हमेशा बचाए रखता है। उन्होंने कहा कि पहाड़ के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है।

(Visited 8 times, 8 visits today)

You Might Be Interested In