हरक का भाजपा पर वार, अंकिता केस से ध्यान भटकाने के लिए जेनी को हथियार बना रही बीजेपी

Share this news

DEHRADUN: जेनी प्रकरण से उत्तराखंड में सियासत दर्म है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. हरक सिंह रावत ने भाजपा पर तीखा हमला करते हुए कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड के वीआईपी के मुद्दे से जनता का ध्यान भटकाने के लिए भाजपा वर्षों पुराने जेनी प्रकरण को राजनीतिक हथियार बना रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी अंकिता को न्याय मिलने और कथित वीआईपी को सजा होने तक यह लड़ाई जारी रखेगी।

हरक ने मीडिया से बातचीत में कहा कि कांग्रेस पार्टी अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की लड़ाई लड़ रही है और तब तक लड़ती रहेगी, जब तक अंकिता को न्याय नहीं मिल जाता और इस हत्याकांड के कथित VIP को सजा नहीं मिल जाती। बकौल हरक, आज भाजपा एक तयशुदा षड्यंत्र के तहत मेरे खिलाफ जेनी को राजनीतिक हथियार बनाकर इस्तेमाल कर रही है। भाजपा को लगता है कि इस तरह के झूठे आरोप लगाकर वह अंकिता भंडारी हत्याकांड और कथित VIP के मुद्दे से जनता का ध्यान भटका देगी। लेकिन भाजपा को सवाल उठाने से पहले अपना इतिहास देखना चाहिए।

हरक ने याद दिलाया कि 2003 में भाजपा के शासनकाल में ही CBI ने मेरे खिलाफ इस मामले की जांच की थी। CBI की जांच रिपोर्ट में साफ उल्लेख है कि जेनी ने कई बार झूठे बयान देकर जांच एजेंसी को गुमराह करने की कोशिश की। जांच रिपोर्ट में तमाम साक्ष्य मौजूद हैं। DNA जांच भी हो चुकी है। इसके बावजूद भाजपा आज उसी मामले को राजनीतिक षड्यंत्र के तहत उछाल रही है। अगर भाजपा CBI की जांच और DNA रिपोर्ट के बाद भी मुझ पर सवाल उठाती है, तो उसके सवाल तत्कालीन भाजपा सरकार, तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और CBI पर भी खड़े होते हैं। क्या भाजपा यह कहना चाहती है कि उसके शासनकाल में CBI दबाव में काम कर रही थी? फिर तो भाजपा के शासनकाल में CBI द्वारा की गई तमाम जांचों की विश्वसनीयता पर भी सवाल उठने चाहिए।

लेकिन असल में भाजपा आगामी चुनावों में अपनी हार देखकर बौखला गई है। कांग्रेस पार्टी भाजपा के तमाम नफरती एजेंडों को नाकाम कर चुकी है। अब मुख्यमंत्री धामी के इशारे पर मेरे खिलाफ जेनी प्रकरण को राजनीतिक हथियार बनाकर इस्तेमाल किया जा रहा है, ताकि उत्तराखंड के असल मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाया जा सके और सरकार के मंत्रियों के भ्रष्टाचार पर पर्दा डाला जा सके।

(Visited 1 times, 1 visits today)

You Might Be Interested In