चमोली में दर्दनाक हादसा, सरकारी अस्पताल की जर्जर दीवार गिरने से चिकित्सा प्रभारी की मौत

Share this news

CHAMOLI: लगता है स्वास्थ्य विभाग के आवासीय भवन भी मानसून के आगे बेबस नजर आ रहे हैं। चमोली जनपद के नारायणबगड़ स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। अस्पताल परिसर की पहले से क्षतिग्रस्त बाउंड्री वॉल अचानक भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आकर चिकित्सा प्रभारी डॉ. नवीन चंद्र डिमरी गंभीर रूप से चोटिल हो गए, हायर सेंटर ले जाते वक्त रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

दरअसल बीते 25 जून को हुई भारी बारिश के दौरान मलबा आने से अस्पताल की बाउंड्री वॉल क्षतिग्रस्त हो गई थी। इस दीवार के मरम्मत का काम चल ही रहा था, शनिवार को अस्पताल के प्रभारी चिकित्साधिकारी नवीन चंद्र डिमरी मरम्मत के कार्य का निरीक्षण कर ही रहे थे कि तभी पहले से कमजोर और खोखली हो चुकी दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। डॉ डिमरी भी इसकी चपेट में आ गए।

हादसे के तुरंत बाद अस्पताल के स्वास्थ्य कर्मियों, स्थानीय व्यापारियों और आसपास मौजूद लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। मलबे से बाहर निकालकर डॉ. डिमरी को अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर किया गया। हालांकि, रास्ते में ही उनकी मृत्यु हो गई। इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने अस्पताल भवनों और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समय-समय पर जांच कराने तथा जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। प्रशासन मामले की जांच में जुट गया है।

 

 

(Visited 87 times, 87 visits today)

You Might Be Interested In