पौड़ी: नैनीडांडा में घास काटने गई महिला को गुलदार ने बनाया निवाला, ग्रामीणों में आक्रोश

Share this news

PAURI: पौड़ी गढ़वाल जिले के नैनीडांडा विकास खंड के बणासी तल्ली गांव में शनिवार को गुलदार के हमले में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने विभाग के खिलाफ गुस्सा जाहिर करते हुए गुलदार को तुरंत पकड़ने की मांग की।

जानकारी के अनुसार, 27 जून शनिवार सुबह गांव की दो महिलाएं, शांति देवी और सुशीला देवी, गांव के ऊपरी जंगल क्षेत्र में घास काटने गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे गुलदार ने अचानक सुशीला देवी पर हमला कर दिया और महिला घसीटकर जंगल की तरफ ले गया।

घटना के दौरान साथ मौजूद शांति देवी ने शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और महिला की तलाश शुरू की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। कुछ समय बाद घटना से कुछ दूरी पर ग्रामीणों को सुशीला देवी का शव बरामद हुआ।

इस दर्दनाक घटना के बाद बणासी तल्ली सहित आसपास के गांवों में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में सक्रिय गुलदार को जल्द से जल्द पकड़ने, प्रभावित क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और लोगों की सुरक्षा के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार वन्यजीवों की बढ़ती गतिविधियों के कारण जंगलों और खेतों में जाना जोखिम भरा होता जा रहा है, जिससे लोगों में लगातार डर बना हुआ है। वन विभाग के मुताबिक विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है और गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए प्रभावित क्षेत्र में पिंजरा और ट्रैप कैमरे लगाए जा रहे हैं।

 

(Visited 83 times, 1 visits today)

You Might Be Interested In