ऋषिकेश में बड़ा रेल हादसा टला, पटरी से उतरे उज्जैनी एक्सप्रेस के 3 डब्बे

Share this news

RISHIKESH: ऋषिकेश में सोमवार रात एक बड़ा रेल हादसा होने से बच गया। योग नगरी रेलवे स्टेशन से कुछ दूरी पर स्थित उज्जैनी एक्सप्रेस ट्रेन के कुछ डब्बे शंटिंग के दौरान पटरी से उतर गए। जिस जगह घटना हुई, वहां पास में एक मकान भी है। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। पुलिस ने भीड़ को वहां से हटाया।

योगनगरी स्टेशन के आरपीएफ निरीक्षक सरोज कुमार के अनुसार, घटना रात 9.42 बजे की है। उज्जैनी एक्सप्रेस शाम करीब छह बजे योगनगरी स्टेशन पर पहुंची।

यह ट्रेन सुबह सवा छह बजे यहां से उज्जैन के लिए रवाना होती है। इसलिए ट्रेन को प्लेटफार्म से रात करीब साढ़े नौ बजे खांड गांव स्थित शंटिंग लाइन पर ले जाया जा रहा था।

शंटिंग लाइन के अंत में ठोकर से ट्रेन का इंजन टकरा गया। जिससे पूरी ट्रेन झटके के साथ रुक गई। इस दौरान बीच की एक बोगी पर अधिक दबाव होने से वह ट्रैक से बाहर की ओर निकल गई। दबाव इतना अधिक था कि बोगी बीच से पूरी तरह मुड़ गई। हादसे की सूचना मिलने पर रेलवे, आरपीएफ, जीआरपी, पुलिस प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।

आनन-फानन में सभी विभागों के अधिकारी भारी फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। देर रात तक रेस्क्यू उपकरण आने का इंतजार किया जा रहा था। हालांकि मंगलवार सुबह यहां से रवाना होने वाली ट्रेन कितने बजे जाएगी, इसको लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है।

बताया जा रहा है कि हादसे का कारण लोको पायलट की ओर बरती लापरवाही है।

(Visited 1 times, 1 visits today)

You Might Be Interested In