ओवरटेक के चक्कर में युवाओं के बीच गोलीबारी, गोली लगने से मॉर्निंग वॉक पर निकले रिटायर्ड ब्रिगेडियर की मौत
DEHRADUN: राजधानी देहरादून की सड़कों पर रोड़ रेज और अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही। सोमवार को सुबह सुबह कुछ युवाओं में कार ओवरटेकिंग को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने गोली चला दी,लेकिन ये गोली मॉर्निंग वॉक कर रहे रिटायर्ड ब्रिगेडियर को लग गई जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में उपचार के दौरान ब्रिगेडियर की मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक आज सुबह 6.50 बजे कंट्रोल रूम को जोहड़ी, गांव मे फायरिंग की सूचना प्राप्त हुई, सूचना पर तत्काल कंट्रोल द्वारा उच्च अधिकारियों और राजपुर थाना को अवगत कराया गया। घटना की सूचना पर एसएसपी देहरादून, एसपी सिटी व अन्य अधिकारी एवं राजपुर पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। घटना की जानकारी करने पर ज्ञात हुआ कि मसूरी रोड पर मालसी के पास गाड़ी को पास न देने को लेकर एक दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर कार व एक स्कॉर्पियो-N कार में सवार व्यक्तियों के बीच विवाद हो गया था, जिसमें स्कॉर्पियो सवार व्यक्तियों ने फॉर्च्यूनर कार के टायरों पर फायरिंग कर दी। फायरिंग की घटना में दुर्घटनावश सड़क पर मॉर्निंग वॉक कर रहे एक व्यक्ति को गोली लग गई, जिसे तत्काल उपचार हेतु अस्पताल ले जाया गया। उपचार के दौरान गोली लगन से घायल रिटायर्ड ब्रिगेडियर एम के जोशी की मौत हो गई।
उक्त घटना में फॉर्च्यूनर वाहन राजकीय प्राथमिक विद्यालय जोहड़ी गांव के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गया, जिसके बाद स्कॉर्पियो कार में सवार व्यक्तियों द्वारा फॉर्च्यूनर कार में सवार व्यक्तियों के साथ मारपीट करते हुए कार को क्षतिग्रस्त कर दिया। उक्त घटना में फॉर्च्यूनर कार में सवार 02 व्यक्तियों को चोटें आई है, जिन्हें उनके साथियों द्वारा उपचार की अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद स्कॉर्पियो कार में सवार सभी व्यक्ति मौके से फरार हो गए।
एसएसपी देहरादून व अन्य अधिकारियो द्वारा अस्पताल जाकर घटना से संबंधित व्यक्तियों से जानकारी ली गई, घटना में शामिल अभियुक्तो की तलाश हेतु एसएसपी देहरादून के निर्देशों पर संपूर्ण जनपद में नाकेबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है तथा घटनास्थल व आसपास आने जाने वाले मार्गो पर लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी कार सवार व्यक्तियों के संबंध में जानकारी की जा रही है
