सरकारी कार्यालयों की सुरक्षा के लिए बनेगी एसओपी, शिक्षा निदेशक से मारपीट मामले में 4 गिरफ्तार

Share this news

DEHRADUN:  शिक्षा निदेशक अजय नौडियाल से विधा.यक समर्थकों द्वारा मारपीट किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना के खिलाफ जहां प्रदेशभर में शिक्षक विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं, वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिलकर उन्होंने कर्मचारियों की सुरक्षा की गुहार लगाई है। मुख्यमंत्री ने सरकारी कार्यालयों और कार्यस्थलों पर अधिकारी-कर्मचारी और शिक्षकों की सुरक्षा के लिए मुख्य सचिव को एसओपी बनाने के निर्देश दिए हैं।

सोमवार को उत्तराखंड अधिकारी कर्मचारी शिक्षक मोर्चा के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री धामी से भेंट कर, 21 फरवरी को प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में हुई घटना के साथ ही हाल के समय में अन्य स्थानों पर सरकारी अधिकारी- कर्मचारियों के साथ हुई घटनाओं का उल्लेख करते हुए, ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की। मुख्यमंत्री ने कर्मचारी नेताओं की बातों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि सरकार कार्मिकों के मान – सम्मान और सुरक्षा को लेकर हमेशा गंभीर रही है।

मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को फोन कर, अधिकारी,  कर्मचारियों और शिक्षकों की सुरक्षा के लिए एसओपी तैयार करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने डीजीपी को भी निर्देश दिए हैं कि सरकारी कार्यालयों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, साथ ही इस तरह की घटनाओं पर त्वरित कानूनी कार्रवाई की जाए, उन्होंने एसएसपी देहरादून को भी शिक्षा निदेशालय में हुई घटना में शामिल दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।

उधर इस मामले पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने शिक्षा निदेशालय में सरकारी काम में बाधा डालने और तोड़फोड़ करने के आरोप में 4 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। थाना रायपुर प्रभारी गिरीश नेगी ने बताया कि वीडियो फुटेज के आधार पर पहचान कर इन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में अरविंद पुंडीर उर्फ कल्ली,लक्ष्मण नवानीस, राकेश थपलियाल और अक्षय राणा सामिल हैं, इनमे से अरविंद पुंडीर थाना रायपुर का हिस्ट्रीशीटर है।

बता दें कि मारपीट के मामले में प्राथमिक शिक्षा निदेशक अजय नौडियाल ने विधायक उमेश शर्मा काऊ और उनके समर्थकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी, जबकि विधायक के गनर ने भी निदेशक और कर्मचारियों के खिलाफ क्रॉस एफआईआर कराई है।

(Visited 41 times, 41 visits today)

You Might Be Interested In