हल्द्वानी में गोली मारकर युवक की हत्या, बीजेपी का पार्षद अमित बिष्ट गिरफ्तार

Share this news

HALDWANI:   हल्द्वानी में एक बार फिर गोलीकांड से सनसनी फैल गई। भाजपा के पार्षद अमित बिष्ट उर्फ चिंटू को युवक की गोली मारकर हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। घटना रामपुर रोड स्थित जज फार्म क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां पार्षद ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से युवक पर फायरिंग की।

मृतक की पहचान नितिन लोहनी निवासी जज फार्म के रूप में हुई है। बताया जा रहा है फायरिंग पार्षद के घर के बाहर हुई, जिसमें गोली लगने से नितिन की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए आरोपी पार्षद अमित बिष्ट उर्फ चिंटू को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मौके से लाइसेंसी रिवॉल्वर भी बरामद कर ली है। फिलहाल यह जांच की जा रही है कि फायरिंग किन परिस्थितियों और किस विवाद के चलते हुई। गोली मारने वाला आरोपी पार्षद अमित बिष्ट उर्फ चिंटू भाजपा का मंडल उपाध्यक्ष भी है।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या का कारण कुछ दिन पहले हुआ आपसी विवाद हो सकता है, हालांकि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक  देर रात्रि मृतक नितिन लोहनी और वह गौलापार गए हुए थे। जब वह अपने घर हल्द्वानी लौट रहे थे तभी नितिन ने बीजेपी पार्षद अमित बिष्ट उर्फ चिंटू से मिलने की बात कही और वह दोनों पार्षद के घर चले गए। जिसके बाद उन्होंने गेट पर घंटी बजाई कुछ देर बाद पार्षद अमित बिष्ट असलहा के साथ गेट पर पहुंचा और दोनों पर तान दिया।

पहले भी विवादों में रहा पार्षद

स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी पार्षद का नाम पूर्व में भी कई विवादों और मारपीट के मामलों में सामने आ चुका है। इसी पार्षद से जुड़े एक पुराने विवाद को लेकर विधायक बंशीधर भगत को भी पूर्व में कोतवाली परिसर के बाहर धरना देना पड़ा था।

(Visited 242 times, 1 visits today)

You Might Be Interested In