पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर उत्तराखंड में 7 दिन का राजकीय शोक घोषित

Share this news

DEHRADUN:  भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह के निधन से देशभर में शोक की लहर है। सत्ता पक्ष, विपक्ष से लेकर नेता-अभिनेता व आमजन डॉ मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। उनके निधन पर उत्तराखंड सरकार ने भी 7 दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। इस दौरान राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा।

बता दें कि 92 साल के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह को तबीयत बिगड़ने पर रात करीब 8 बजे दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया था। गुरुवार रात करीब 10 बजे उन्होंने आखिरी सांस ली। डॉ मनमोहन सिंह 2004 से 2014 तक दो बार भारत के प्रधानमंत्री रहे, उन्होंने यूपीए सरकार का नेतृत्व किया।

डॉ सिंह के निधन पर केंद्र सरकार ने अपने सारे कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। कांग्रेस ने भी अपना राष्ट्रीय अधिवेशन बीच में ही रद्द कर दिया है। दिल्ली में डॉ सिंह के घर पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों का तांता लगा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी डॉ सिंह के आवास पर जाकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी देहरादून में डॉ सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित करके उन्हें श्रद्धांजलि दी है।

उधर उत्तराखंड सरकार ने भी राज्य में 7 दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। उत्तराखंड शासन द्वारा जारी आदेश के मुताबिक गृह मंत्रालय, भारत सरकार के वायरलेस के माध्यम से प्रेषित पत्र संख्या-3/2/2024-Public, दिनांक 26.12.2024 के अनुपालन में मुझे यह कहने का निदेश हुआ है कि डा० मनमोहन सिंह, मा० भूतपूर्व प्रधानमंत्री, भारत सरकार के निधन पर दिनांक 26.12.2024 से दिनांक 01.01.2025 (दोनों दिवसों को जोड़कर) सात दिन का राष्ट्रीय शोक रहेगा। इस अवधि के दौरान उत्तराखण्ड राज्य में जहाँ राष्ट्रीय ध्वज नियमित रूप से फहराये जाते हैं, वहाँ राष्ट्रीय ध्वज आधे झुके रहेंगें। राष्ट्रीय शोक के दिवसों में कोई भी शासकीय मनोरंजन के कार्यक्रम आयोजित नहीं किये जायेंगे।

 

 

(Visited 613 times, 1 visits today)

You Might Be Interested In