65 साल की पहाड़ की वीर महिला को सलाम, गुलदार ने किया हमला तो दरांती से उसे भगाया
RUDRAPRAYAG: विकासखंड अगस्त्यमुनि के पठालीधार क्षेत्र के कोटी गांव में घास काटने गई एक महिला पर गुलदार ने हमला कर दिया। महिला ने साहस दिखाते हुए हाथ में पकड़ी दरांती से गुलदार पर जवाबी हमला किया, जिससे गुलदार जंगल की ओर भाग गया। हमले में महिला घायल हो गई। डॉक्टरों के मुताबिक महिला के हाथ और पैरों में चोटें आई थीं, प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति सामान्य है।
जानकारी के अनुसार 65 साल की नारायणी देवी बुधवार को मवेशियों के लिए घास लेने जंगल गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे गुलदार ने उन पर अचानक हमला कर दिया। महिला ने घबराने के बजाय दरांती से लगातार वार किए, जिससे गुलदार भाग निकला और उनकी जान बच गई। हमले में उनके हाथ और पैरों में चोटें आई हैं।
महिला के बेटे पंकज सिंह ने बताया कि क्षेत्र में इस तरह की यह पहली घटना है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि अधिकांश परिवार पशुपालन पर निर्भर हैं और उन्हें प्रतिदिन जंगल से घास लानी पड़ती है। ऐसे में गुलदार की मौजूदगी से चारा लाना भी जोखिम भरा हो गया है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने, गुलदार की निगरानी करने और लोगों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।