केदारनाथ यात्रा मार्ग पर जगह जगह भूस्खलन, यात्रियों में अफरा तफरी, बार बार बाधित हो रही यात्रा

Share this news

KEDARNATH:   केदारनाथ हाईवे पर शुक्रवार सुबह मुनकटिया के पास अचानक भूस्खलन हुआ, जिसके चलते हाईवे को बंद कर दिया गया है। पहाड़ी से अचानक बड़े-बड़े बोल्डर और भारी मात्रा में पत्थर गिरने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई, लोग इधर-उधर भागते नजर आए। गनीमत यह रही कि कोई बड़ी जनहानि की सूचना नहीं है। केदारनाथ से लौट रहे श्रद्धालुओं को मुनकटिया से रेस्क्यू किया जा रहा है। सोनप्रयाग से आगे भेजने से पहले रास्ते की लगातार निगरानी की जा रही है। लगातार बारिश से पहाड़ी पर मौत बरस रही है, और एक हफ्ते से हालात बिगड़े हुए हैं।

पिछले दिनों से जारी बरसात के बाद सोनप्रयाग शटल पुल के समीप व मुनकटिया के पास स्लाइडिंग जोन वाले क्षेत्र में निरन्तर मलबा-पत्थर आने से मार्ग बाधित हो रहा है, मार्ग के सुचारु होने की दशा में स्वयं एस.एच.ओ. सोनप्रयाग राकेन्द्र कठैत द्वारा मौके पर रहकर आने जाने वाले यात्रियों की आवाजाही सुनिश्चित की जा रही है।

शुक्रवार को मुनकटिया में अचानक पहाड़ी से मलबा गिर गया, जिससे यात्रियों में अफरा तफरी मच गई। यात्रियों ने वहां से भाग कर जान बचाई। फिलहाल भूस्खलन की वजह से केदारनाथ जा रहे हैं यात्रियों को रोक दिया गया है। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के जवानों द्वारा यात्रियों को सुरक्षित निकाला जा रहा है। कई यात्री जो दूसरी तरफ फंसे हुए थे उनको जंगल के रास्ते से निकालकर सुरक्षित स्थान पर भेजा जा रहा है। भूस्खलन की वजह से यात्रा मार्गो की लगातार निगरानी की जा रही है।जिलाप्रशासन रास्तों को खोलने में जुटा हुआ है। जेसीबी और कर्मचारियों को मौके पर तैनात किया गया है ताकि सड़क को आसानी से खोला जा सके।

 

 

(Visited 90 times, 1 visits today)

You Might Be Interested In