अंकिता केस: उर्मिला सनावर के VIP खुलासों पर हरिद्वार सांसद का बड़ा बयान

Share this news

HARIDWAR: अंकिता हत्याकांड पर पूर्व विधायक सुरेश राठौर की पत्नी के खुलासों से उत्तराखंड में सियासी खलबली मची हुई है। इस मामले के वीआईपी का नाम उजागर होने और पार्टी के बड़े नेताओं पर आरोपों के बाद भाजपा बैकफुट पर है। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री और हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत के बयान ने पार्टी की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। त्रिवेंद्र ने कहा कि ऐसी घटनाएं समाज की छवि को नुकसान पहुंचाती हैं। जो भी बातें सामने आ रही हैं उनकी गहराई जांच होनी चाहिए और इसमें दोषी चाहे कितना भी बड़ा क्यों न हो उस पर कार्रवाई होनी चाहिए।

सुरेश राठौर की कथित पत्नी उर्मिला सनावर के खुलासों पर जहां विपक्ष लगातार सरकार पर हमलावर है और सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन कर रहा है, वहीं अब हरिद्वार के सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत का बयान सामने आया है। त्रिवेंद्र ने मामले को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि यह महिलाओं से जुड़ा हुआ विषय है, जो समाज के 50 प्रतिशत हिस्से का प्रतिनिधित्व करती हैं। त्रिवेंद्र रावत ने कहा कि यह मामला इस समय न्यायालय के विचाराधीन है और इसकी गहराई से जांच की आवश्यकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोर्ट में मामला लंबित होने के कारण सरकार इस पर फिलहाल कोई निर्णय नहीं ले सकती।

हरिद्वार सांसद ने दो टूक कहा कि इस तरह के गलत काम करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाना चाहिए। चाहे वह उनका अपना बच्चा हो या भाई, कानून सभी के लिए समान होना चाहिए और दोषियों को सख्त सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं समाज की छवि को नुकसान पहुंचाती हैं और समाज पर धब्बा लगाने का काम करती हैं। त्रिवेंद्र सिंह रावत ने यह भी कहा कि जब यह घटना हुई थी, तब उन्हें व्यक्तिगत रूप से भी गहरा दुख और तकलीफ हुई।

(Visited 226 times, 1 visits today)

You Might Be Interested In