UPSC Results: 708वीं रैंक पर चुनी गई दो-दो फैरुज फातिमा, कौन सी सही, रुड़की की या केरल की?

Share this news

ROORKEE: संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 के परिणाम जारी होने के बाद कई रैंक में एक जैसे नाम वाले दो दो लोगों के चयन से भ्रम की स्थिति पैदा हो गई है। 708वीं रैंक को लेकर भी असमंजस की स्थिति बन गई है। ‘फैरुज फातिमा’ नाम से दो युवतियों ने इस रैंक पर अपने चयन का दावा किया है।

एक ओर उत्तराखंड के पिरान कलियर क्षेत्र की रहने वाली युवती फैरुज फातिमा ने खुद को 708वीं रैंक हासिल करने वाली बताया है, वहीं दूसरी ओर केरल की रहने वाली इसी नाम की एक अन्य युवती ने भी यूपीएससी परीक्षा में अपने चयन का दावा किया है।

रुड़की के पिरान कलियर क्षेत्र की रहने वाली फैरुज फातिमा वर्तमान में आरबीआई में कार्यरत हैं। उनके पिता ट्रक चालक हैं। यूपीएससी परीक्षा में 708वीं रैंक पर चयनित होने के बाद क्षेत्र में खुशी का माहौल है और स्थानीय लोग उनका जोरदार स्वागत कर रहे हैं। घरों में बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। कलियर निवासी फातिमा का कहना है कि लिस्ट में दिया गया नाम मेरा ही है बाकी आयोग के द्वारा पंद्रह से बीस दिनों में मार्कशीट अपलोड होगी तब स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।

उधर फैरुज फातिमा नाम की केरल की युवती ने भी दावा किया है कि 708वीं रैंक पर जिसका चयन हुआ है, वो वही युवती है। केरल की फैरुज फातिमा जिस कोचिंग संस्थान से कोटिंग की थी, उस संस्थान ने भी उसे बधाई देते हुए पोस्टर जारी किए हैं।

ऐसे में एक ही रैंक पर दो युवतियों के दावे के कारण लोगों में भ्रम की स्थिति पैदा हो गई है। अभी तक यूपीएससी की आधिकारिक मार्कशीट अपलोड नहीं हुई है, जिसके कारण पूरी स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। अब असली ‘फैरुज फातिमा’ कौन है और 708वीं रैंक किसे मिली है, इसकी आधिकारिक पुष्टि संघ लोक सेवा आयोग द्वारा मार्कशीट जारी होने के बाद ही हो पाएगी।

 

(Visited 32 times, 32 visits today)

You Might Be Interested In