10.30 तक भी दफ्तर नहीं पहुंचे आरटीओ दफ्तर के कर्मचारी, CM ने मारा छापा, RTO सस्पेंड
Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर धामी इन दिनों एक्शन मोड में दिख रहे हैं। बुधवार को देहरादून स्थित आरटीओ कार्यालय में उस वक्त हड़कंप मच गया जब सीएम ने अचानक छापा मारा। (CM suspends RTO for carelessness during sudden inspection of his office) इस दौरान लापरवाही बरतने के आरोप में सीएम ने आरटीओ दिनेश पठोई को सस्पेंड कर दिया। मुख्यमंत्री एक्शन से बाद विभागीय अधिकारियों में हड़कंप मच गया है।
सीएम धामी बुधवार सुबह अचानक आरटीओ कार्यालय पहुंच गए। इस दौरान यहां 80 फीसदी कर्मचारी अनुपस्थित मिले। औचक निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने पाया कि कार्यालय में आम जनता अपने वाहनों से संबंधित कार्यों के लिए सुबह 9 बजे से मौजूद थी। लेकिन कार्यालय में कुछ कर्मचारियों को छोड़कर मुख्य अधिकारी दिनेश चंद्र पिठोई और काफी कर्मचारी सुबह के 10:30 होने के बावजूद मौजूद नहीं थे। कार्यालय के कर्मचारियों और अधिकारी की लापरवाही देखकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आरटीओ दिनेश चन्द्र पठोई को निलंबित करने के निर्देश दिये हैं। सीएम के एक्शन से अन्य विभागों में भी हड़कंप है। उन्होंने कर्मचारियों व अधिकारियों को सख्त हिदायत दी।
सीएम ने परिवहन सचिव अरविंद सिंह हयांकी को निर्देश देते हुए कहा कि जितने भी कर्मचारी समय होने के बावजूद उपस्थित नही है उन पर सख्त से सख्त कार्यवाही की जाए। सुबह दस बजे दफ्तर नहीं पहुंचने वाले कई अधिकारियों कर्मचारियों को नोटिस जारी करने के आदेश किए गए। मुख्यमंत्री को आरटीओ कार्यालय में अनियमितता की लगातार शिकायतें मिल रही थी। विभागीय सूत्रों के मुताबिक अभी कई और अफसरों पर गाज गिर सकती है।
