शिवरात्रि पर भोले भक्तों के लिए खुशखबरी, इस दिन खुलेंगे बाबा केदारनाथ के कपाट

Share this news

RUDRAPRAYAG:  शिवरात्रि के पावन पर्व पर शिवभक्तों के लिए अच्छी खबर है। विश्वप्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट इस साल 10 मई को प्रात: 7 बजे खोलने की घोषणा हो गई है।

आज महाशिवरात्रि के पर्व पर पंचकेदार गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ में बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति अध्यक्ष अजेंद्र अजय की उपस्थिति में आयोजित धार्मिक समारोह में कपाट खुलने की तिथि तय हुई। भगवान केदारनाथ की पंचमुखी भोग मूर्ति की 5 मई को पंचकेदार गद्दी स्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ में भैरव नाथ जी के साथ पूजा होगी। पंचमुखी डोली 6 मई को श्री केदारनाथ धाम प्रस्थान करेगी। विभिन्न पड़ावों से होकर 9 मई शाम को डोली केदारनाथ धाम पहुंचेगी। इसके बाद 10 मई को प्रात: 7 बजे विधि विधान के साथ केदारनाथ धाम के कपाट चारधाम यात्रा 2024 के लिए खोल दिए जाएंगे।

कपाट खुलने की तारीख तय करते समय केदारनाथ के रावल भीमाशंकर लिंग भी मौजूद थे। हर वर्ष महाशिवरात्रि पर्व पर बाबा केदार के कपाट खुलने की तिथि घोषित होती है। इस मौके पर ओंकारेश्वर मंदिर को कई कुंतल फूलों से सजाया गया। पिछले साल केदारनाथ यात्रा के सभी रिकॉर्ड टूट गए थे। इस बार उससे भी ज्यादा श्रद्धालुओं के केदारनाथ आने की उम्मीद है।

(Visited 303 times, 1 visits today)

You Might Be Interested In