बद्रीनाथ चढ़ावा चोरी मामले में एसआईटी की कार्रवाई, पूर्व मंदिर अधिकारी राजेंद्र चौहान गिरफ्तार

Share this news

BADRINATH:  बद्रीनाथ धाम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले में एसआईटी ने अपनी जांच तेज कर दी है।  एसआईटी ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के पूर्व मंदिर अधिकारी राजेंद्र सिंह चौहान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है।

एसआईटी के अनुसार, मामले की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर राजेंद्र चौहान जांच टीम के रडार पर थे। जांच में सामने आए फुटेज में उन्हें 22 जून,  25 और 29 जून को थाली भेंट गणना कक्ष में कथित रूप से नकदी निकालते हुए देखा गया। इन्हीं तथ्यों के आधार पर शुक्रवार को बदरीनाथ में उनसे करीब चार घंटे तक गहन पूछताछ की गई। पूछताछ के बाद एसआईटी ने दोपहर करीब 3 बजे राजेंद्र चौहान को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी को शनिवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा, जहां से आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

गिरफ्तार पूर्व मंदिर अधिकारी राजेंद्र सिंह चौहान इसी वर्ष 30 जून को बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति की सेवा से सेवानिवृत्त हुए थे। आरोप है कि सेवा में रहते हुए थाली भेंट गणना के दौरान हुई कथित अनियमितताओं में उनकी भूमिका सामने आई है।

बद्रीनाथ मंदिर के चढ़ावे की गणना में कथित अनियमितताओं और नकदी हेराफेरी के आरोप में एसआईटी पहले भी बीकेटीसी के एक कर्मचारी प्रमोद नौटियाल को गिरफ्तार कर चुकी है। प्रमोद की ड्यूटी भी गणना कक्ष में लगाई गई थी। जांच एजेंसियां सीसीटीवी फुटेज, दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे प्रकरण की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही हैं।

(Visited 13 times, 13 visits today)

You Might Be Interested In