नितिन नबीन बोले धामी के नेतृत्व में लगाएंगे हैट्रिक, विधायकों को दिया सख्त संदेश
DEHRADUN: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के 3 दिवसीय उत्तराखंड दौरा खत्म हो गया है। इस दौरान नबीन ने जहां विधायकों कार्यकर्ताओं को विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिए बड़ा संदेश दिया, वही धामी सरकार पर भरोसा जताते हुए जमकर तारीफ भी की।
नितिन नबीन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व और राज्य सरकार के कार्यों से संतुष्ट दिखे। उन्होंने धामी सरकार की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि पुष्कर धामी के नेतृत्व में विकास कार्य सही दिशा में बढ़ रहे हैं। उन्होंने समान नागरिक संहिता लागू करने के निर्णय को ऐतिहासिक बताया। नबीन ने कहा कि यह मातृशक्ति के सम्मान और सामाजिक समानता की दिशा में बड़ा कदम है।
धामी के नेतृत्व में लगाएंगे हैट्रिक
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने साहसिक नेतृत्व का परिचय दिया है। उनके नेतृत्व में 2027 में उत्तराखंड में तीसरी बार सरकार बनेगी। उन्होंने चारधाम यात्रा के सफल संचालन और पर्यटन विस्तार की भी सराहना की। राजनीतिक गलियारों में यह दौरा संगठन और सरकार दोनों के लिए महत्वपूर्ण माना गया। इससे स्पष्ट हुआ कि पार्टी नेतृत्व को मुख्यमंत्री पर पूर्ण भरोसा है।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बताया कि धामी सरकार के कई फैसले राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में हैं। उन्होंने समान नागरिक संहिता लागू करने के निर्णय को ऐतिहासिक बताया। नबीन ने कहा कि उत्तराखंड ने पूरे देश को नई दिशा दी है। धामी सरकार ने मातृशक्ति के सम्मान और महिला अधिकारों के लिए साहसिक कदम उठाए हैं।
विधायकों को संदेश
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने विधायकों को सख्त संदेश दिया कि अगर कोई मनमुटाव है तो घर की बात कमरे के भीतर ही रखें। सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से बचें। उन्होंने साफ किया कि संगठन फोरम पर अपनी बात रखें। कोई भी विषय है तो पार्टी हाईकमान से ही चर्चा करें। आगामी चुनाव के मद्देनजर उन्होंने विधायकों की छवि को अहम करार देते हुए कहा कि इसी से पार्टी की छवि भी बनती है। अध्यक्ष नवीन ने कहा कि 2022 विधानसभा चुनाव की 47 सीटों से आगे बढ़ने की जरूरत है। लिहाजा, ये देखा जाए कि हम किस विधानसभा में किन समुदायों तक अभी नहीं पहुंच पाए। उन लोगों के बीच में अपनी पैठ बनाने के लिए काम करें।