उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा में फर्जीवाड़ा, पकड़े गए 8 नकलची, विशाल की जगह कैफ, प्रियंका की जगह सुहानी दे रही थी परीक्षा

Share this news

HARIDWAR:  उत्तराखंड बोर्ड की हाईस्कूल की परीक्षा में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। कक्ष निरीक्षक की सतर्कता से आठ मुन्ना भाई दबोचे गए हैं। जो राजकीय इंटर कालेज सलेमपुर महदूद में प्रवेश पत्र पर लगी फोटो बदलकर हिंदी विषय की परीक्षा में बैठे थे। बताया जा रहा है कि इनमें चार लड़कियां भी शामिल हैं। सभी की कापी को जब्त कर सील कर दिया गया है। देर रात पुलिस ने केंद्र व्यवस्थापक की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया।

आपको बता दे मंगलवार को सुबह 10:30 बजे हिंदी की परीक्षा शुरू हुई थी। शक होने पर केंद्र निरीक्षक ने कुछ परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र की जांच की तो मामला पकड़ में आया। पता चला कि सावित्री शिक्षा सदन इंटर कालेज से व्यक्तिगत फार्म भरने वाले आठ परीक्षार्थियों के स्थान पर परीक्षा दी जा रही थी। इसके बाद कक्ष निरीक्षक की रिपोर्ट पर तुरंत सभी संदिग्धों की उत्तर पुस्तिकाएं तत्काल जब्त कर सील की गईं और गोपनीय अनुभाग को भेजी गईं। पुलिस ने फर्जीवाड़े के नेटवर्क की जांच शुरू की, स्कूल और बाहरी कनेक्शन भी खंगाले जा रहे हैं।

जांच में पता चला कि कक्ष संख्या दो में अंकित कुमार की जगह प्रवेश पत्र पर फोटो चस्पा युवक परीक्षा दे रहा था, जो केंद्र से फरार हो गया। कक्ष संख्या पांच में ईशाक के स्थान पर गुलफाम निवासी चमरिया लालढांग मिला। कक्ष संख्या छह में रवि कुमार की जगह कृष्ण पाल निवासी रावली महदूद बैठा मिला। कक्ष संख्या आठ में विशाल की जगह कैफ निवासी सुल्तानपुर परीक्षा देता मिला। कक्ष संख्या 11 में साहिबा की जगह सलमा निवासी नसीरपुर कलां बैठी मिली। इसी कक्ष में प्रियंका की जगह सुहानी निवासी रावली महदूद मिली। प्रीती के स्थान पर प्राची सरकारिया निवासी ज्वालापुर परीक्षा देती पाई गई। रविता की जगह भावना पुत्री मामचंद निवासी रावली महदूद बैठी मिली।

मुख्य शिक्षा अधिकारी नरेश कुमार हल्दियानी ने बताया कि विभाग की ओर से सभी आठ के विरुद्ध कार्यवाही की जा रही है। केंद्र व्यवस्थापक की तहरीर के आधार पर आठों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

(Visited 132 times, 132 visits today)

You Might Be Interested In